दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान मंगलवार (7 जनवरी) को चुनाव आयोग द्वारा किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, चुनाव एक ही चरण में संपन्न हो सकते हैं। आयोग की योजना के मुताबिक, फरवरी के दूसरे सप्ताह में मतदान हो सकता है और परिणाम 17 फरवरी को घोषित किए जाने की संभावना है। चुनाव आयोग आज दोपहर 2 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा, जिसमें चुनावी प्रक्रिया और इससे संबंधित अन्य जानकारी दी जाएगी।
सोमवार, 6 जनवरी को चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी की। इस सूची में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष और 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता हैं।
चुनाव की तैयारियां जोरों पर
दिल्ली विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 15 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। पिछली बार 2020 में भी विधानसभा चुनाव फरवरी में ही हुए थे, जिसमें आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की थी और सरकार बनाई थी। अब कार्यकाल की समाप्ति नजदीक होने के साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं।




































































































































































































































































































































































































