
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। गुनगुनी धूप के बावजूद ठंडी हवाओं और शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 10 जनवरी तक दिल्ली में शीतलहर का असर बना रहेगा, और 9-10 जनवरी को घना कोहरा छा सकता है। वहीं, 11 और 12 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण उत्तर भारत के कई हिस्से बर्फीले तूफान की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी की वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि घने कोहरे के चलते रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 10 से 12 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
राजस्थान में ठंड का प्रकोप
राजस्थान में ठंडी हवाओं का दबदबा कायम है। फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट और घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 10-12 जनवरी के बीच हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।
पंजाब-हरियाणा में कोहरे का कहर
पंजाब और हरियाणा में कोहरे और ठंड का प्रभाव जारी है। अमृतसर में कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही, जबकि लुधियाना और पटियाला में यह 10-20 मीटर तक सीमित रही। हरियाणा के अंबाला और करनाल में कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। संगरूर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
झारखंड में ठंड का प्रभाव
झारखंड के कई हिस्सों में ठंड अपने चरम पर है। लातेहार में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची, खूंटी और लोहरदगा में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक ठंड के इसी प्रभाव को जारी रहने का अनुमान जताया है।
यूपी में बादलों का डेरा
उत्तर प्रदेश में 9 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। 10 से 12 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। गर्म कपड़ों का उपयोग करें, हीटर का सहारा लें और सुबह-शाम बाहर जाने से बचें। शीतलहर और कोहरे के प्रभाव से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।