
2025 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा: जानिए सभी विजेताओं की सूची और उनके क्षेत्रीय योगदान
नई दिल्ली: भारत सरकार ने 2025 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृत 139 पुरस्कारों की सूची में 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण, और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। इनमें 23 महिलाएं, 10 विदेशी नागरिक और 13 मरणोपरांत सम्मानित व्यक्ति भी शामिल हैं।
इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों में चिकित्सा, कला, समाज सेवा, विज्ञान और शिक्षा जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया है। इस वर्ष के प्रमुख विजेताओं में डॉक्टर नीरजा भटला, भीम सिंह भावेश, पी दत्ताचनमूर्ति और एल हंगथिंग शामिल हैं।
डॉक्टर नीरजा भटला: सर्वाइकल कैंसर विशेषज्ञ
दिल्ली की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नीरजा भटला को सर्वाइकल कैंसर की पहचान, रोकथाम और इलाज में उनके अतुलनीय योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। उनका शोध और कार्य देश में महिला स्वास्थ्य में सुधार के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है।

भीम सिंह भावेश: मुसहर समुदाय के लिए सामाजिक कार्य
बिहार के भोजपुर से सामाजिक कार्यकर्ता भीम सिंह भावेश ने पिछले 22 वर्षों से ‘नई आशा’ नामक संगठन के जरिए मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए काम किया है। समाज के हाशिये पर रहने वाले इस समूह के लिए उनकी अनवरत सेवा ने उन्हें पद्म श्री का हकदार बनाया है।

पी दत्ताचनमूर्ति: थाविल वाद्य यंत्र विशेषज्ञ
थाविल, दक्षिण भारतीय संगीत का अभिन्न वाद्य यंत्र है, जिसमें पी दत्ताचनमूर्ति का 50 से अधिक वर्षों का अनुभव है। भारतीय संगीत और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

एल हंगथिंग: नागालैंड के प्रगतिशील फल किसान
नोकलक, नागालैंड के एल हंगथिंग गैर-देशी फलों की खेती में 30 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उनकी उन्नत कृषि तकनीकों ने नागालैंड के किसानों को प्रेरणा दी है। इसके लिए उन्हें पद्म श्री से नवाजा गया है।

पद्म पुरस्कार 2025: पूरी सूची और श्रेणियां
पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। ये तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं:
- पद्म विभूषण: असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए
- पद्म भूषण: उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए
- पद्म श्री: किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए
पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
2025 पद्म विभूषण विजेताओं की सूची
- श्री दुव्वूर नागेश्वर रेड्डी (चिकित्सा, तेलंगाना)
- न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री जगदीश सिंह खेहर (लोक कार्य, चंडीगढ़)
- श्रीमती कुमुदिनी लाखिया (कला, गुजरात)
- श्री लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम (कला, कर्नाटक)
- श्री एम. टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) (साहित्य और शिक्षा, केरल)
- श्री ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) (व्यापार और उद्योग, जापान)
- श्रीमती शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) (कला, बिहार)


2025 पद्म भूषण विजेताओं की सूची
- श्री ए सूर्य प्रकाश (पत्रकारिता, कर्नाटक)
- श्री अनंत नाग (कला, कर्नाटक)
- श्री बिबेक देबरॉय (मरणोपरांत) (साहित्य, दिल्ली)
- श्री जतिन गोस्वामी (कला, असम)
- श्री जोस चाको पेरियापुरम (चिकित्सा, केरल)
- श्री कैलाश नाथ दीक्षित (पुरातत्व, दिल्ली)
- श्री मनोहर जोशी (मरणोपरांत) (लोक कार्य, महाराष्ट्र)
- श्री नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी (व्यापार, तमिलनाडु)
- श्री नंदमुरी बालकृष्ण (कला, आंध्र प्रदेश)
- श्री पी आर श्रीजेश (खेल, केरल)
- श्री पंकज पटेल (व्यापार, गुजरात)
- श्री पंकज उधास (मरणोपरांत) (कला, महाराष्ट्र)
- श्री रामबहादुर राय (पत्रकारिता, उत्तर प्रदेश)
- साध्वी ऋतंभरा (समाज सेवा, उत्तर प्रदेश)
- श्री एस अजित कुमार (कला, तमिलनाडु)
- श्री शेखर कपूर (कला, महाराष्ट्र)
- सुश्री शोभना चंद्रकुमार (कला, तमिलनाडु)
- श्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) (लोक कार्य, बिहार)
- श्री विनोद धाम (विज्ञान और इंजीनियरिंग, अमेरिका)

पद्म पुरस्कार: भारत की शान
पद्म पुरस्कार भारत के प्रतिभाशाली व्यक्तियों के कार्य और उनके योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम हैं। ये पुरस्कार उन लोगों को प्रेरित करते हैं जो अपने कार्यक्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।