कारोबारी से संबंध, लेनदेन और जवानों की लोकेशन साझा करने के आरोप; 1480 पन्नों की जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजी गई
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की डीएसपी कल्पना वर्मा एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई हैं। अफेयर और लेनदेन के आरोपों के बीच अब उन पर नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक करने का गंभीर आरोप लगा है। एक वायरल चैट के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह चैट उस समय की है, जब डीएसपी कल्पना वर्मा दंतेवाड़ा में पदस्थ थीं। आरोप है कि उन्होंने नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी गोपनीय जानकारी और जवानों की लोकेशन कारोबारी दीपक टंडन को भेजी थी। यह मामला सामने आने के बाद खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसकी जांच एएसपी कीर्तन राठौर ने की।
1480 पन्नों की जांच रिपोर्ट तैयार
जांच के बाद एएसपी द्वारा तैयार की गई 1480 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट गृह विभाग को भेज दी गई है। रिपोर्ट में न सिर्फ कथित चैट का जिक्र है, बल्कि डीएसपी कल्पना वर्मा और दीपक टंडन के बीच लेनदेन और व्यक्तिगत संबंधों का भी उल्लेख किया गया है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का फैसला पुलिस मुख्यालय को करना है।
कारोबारी दीपक टंडन के गंभीर आरोप
कारोबारी दीपक टंडन पहले ही डीएसपी कल्पना वर्मा पर कई संगीन आरोप लगा चुके हैं। उनका कहना है कि कल्पना वर्मा ने उनसे करोड़ों रुपये, गाड़ी और होटल हड़प लिए। टंडन ने दावा किया था कि उन्होंने कल्पना को जूलरी, सोने की चेन और डायमंड रिंग तक दी थी। इसके समर्थन में उन्होंने निजी चैट और मुलाकात की तस्वीरें भी पुलिस को सौंपी थीं।
टंडन का यह भी आरोप है कि उनकी पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड एक कार को भी कल्पना वर्मा ने अपने पास रख लिया।
कल्पना वर्मा ने आरोपों से किया इनकार
वहीं डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने इसे उनके पिता से जुड़े बिजनेस लेनदेन का मामला बताया और कहा कि यह विवाद अदालत में विचाराधीन है।
अब पुलिस मुख्यालय के फैसले पर टिकी नजरें
गौरतलब है कि इसी मामले में एएसपी की जांच रिपोर्ट में रुपयों के लेनदेन से लेकर नक्सल ऑपरेशन से जुड़े चैट तक का जिक्र किया गया है। फिलहाल डीएसपी कल्पना वर्मा दंतेवाड़ा में पदस्थ हैं, लेकिन अब पूरे मामले पर पुलिस मुख्यालय के फैसले का इंतजार है, जो उनके करियर की दिशा तय कर सकता है।










































































































































































































































































































































