
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला, कई जवान घायल
पाकिस्तान इस समय अपने ही बनाए जाल में फंसता नजर आ रहा है। हाल ही में बलूचिस्तान के तुर्बत शहर के पास पाकिस्तानी सेना के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। यह हमला आईईडी ब्लास्ट की मदद से किया गया, जिसमें कई जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हमलों से हिली पाकिस्तानी सेना
यह हमला ऐसे समय हुआ जब पाकिस्तानी सेना अभी जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाइजैक की घटना से उबर भी नहीं पाई थी। इस नए हमले ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ और सेना की चिंता बढ़ा दी है।
CPEC के खिलाफ हमले जारी
इससे पहले भी बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLA) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) कई बार CPEC (चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा) और वहां काम कर रहे चीनी नागरिकों पर हमले कर चुके हैं। इस वजह से चीन को भी अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।
बलूच विद्रोहियों को नहीं पसंद CPEC
बलूचिस्तान में चीन ने भारी निवेश कर रखा है, लेकिन स्थानीय लोग इस प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि CPEC से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि इसका लाभ सिर्फ पाकिस्तान और चीन को मिलेगा। इस वजह से बलूच विद्रोही लगातार CPEC प्रोजेक्ट पर हमले कर रहे हैं।
भारत भी कर रहा है CPEC का विरोध
भारत शुरू से ही CPEC का विरोध कर रहा है क्योंकि यह प्रोजेक्ट पाकिस्तान और चीन के कब्जे वाले कश्मीर से होकर गुजरता है, जिसे भारत अपना हिस्सा मानता है। यही कारण है कि कुछ पश्चिमी देश भी भारत के इस विरोध का समर्थन कर रहे हैं।