Navrashtra Bharat

पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की बस पर बम हमला, कई जवानों की मौत; बलूच आर्मी ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में रविवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। नौशकी जिले में सड़क किनारे रखे गए बम से सुरक्षा बलों की एक बस को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 5 जवानों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ज़फर ज़मानी के अनुसार, इस हमले में एक अन्य बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के दौरान, सुरक्षा बलों का एक काफिला सात बसों में यात्रा कर रहा था और यह ताफ्तान (ईरानी सीमा) की ओर जा रहा था। नौशकी में एक विस्फोटकों से भरी कार ने काफिले की एक बस को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा विस्फोट हुआ।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगटी ने इस हमले की कड़ी निंदा की।

BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) नामक उग्रवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि इसमें 90 जवानों की मौत हुई है। संगठन ने एक बयान में कहा कि उसके माजिद ब्रिगेड के आत्मघाती हमलावर ने RCD हाईवे के पास रक्षम मिल क्षेत्र में इस हमले को अंजाम दिया।

BLA के अनुसार, काफिले की आठ बसों में से एक पूरी तरह नष्ट हो गई। संगठन ने यह भी दावा किया कि हमले के बाद उसके लड़ाकों ने एक अन्य बस को घेर लिया और उसमें मौजूद सभी जवानों को मार दिया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बलूचिस्तान में बढ़ रहा उग्रवाद

यह हमला बलूचिस्तान में हाल ही में बढ़ते उग्रवादी हमलों का हिस्सा है। कुछ दिन पहले ही BLA के आतंकियों ने एक यात्री ट्रेन को हाईजैक कर लिया था, जिसमें करीब 400 यात्री सवार थे। इस हमले में 30 से अधिक यात्रियों की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी 33 हमलावरों को मार गिराया था।

तेल और खनिज संपदा से भरपूर बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे कम जनसंख्या वाला प्रांत है। यहां के स्थानीय बलूच समुदाय का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार उनके साथ भेदभाव करती है। हालांकि, इस आरोप को इस्लामाबाद खारिज करता है।

BLA लंबे समय से पाकिस्तान से स्वतंत्रता की मांग कर रहा है और इस कारण आए दिन हिंसक हमले करता रहता है।


Please follow and like us:
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *