टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश बाहर
  • January 24, 2026
  • Navrashtra Bharat Desk
  • 0

भारत आने से इनकार पड़ा भारी, सुरक्षा कारणों का हवाला और तय समय में जवाब न देने पर आईसीसी का सख्त फैसला

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को सूचित कर दिया है कि टूर्नामेंट में उसकी जगह अब स्कॉटलैंड खेलेगा। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि बांग्लादेश टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को आईसीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें चेयरमैन जय शाह भी शामिल थे, दुबई में मौजूद थे। उसी दिन देर शाम बीसीबी अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल को एक ईमेल भेजकर आईसीसी के फैसले की जानकारी दी गई।

आईसीसी से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि बांग्लादेश बोर्ड को भारत आने या न आने पर फैसला करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा के भीतर बीसीबी ने आईसीसी को कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया। इसी वजह से आईसीसी को मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा।

सूत्र ने यह भी कहा कि बीसीबी ने पहले ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी, जबकि उन्हें पहले आईसीसी को औपचारिक रूप से अपनी स्थिति बतानी चाहिए थी। इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया और इसी के बाद बांग्लादेश को साफ शब्दों में बता दिया गया कि उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।

सुरक्षा कारणों का दिया गया हवाला
बताया जा रहा है कि बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नज़रुल ने भारत यात्रा के खिलाफ सलाह दी थी। उनका कहना था कि मौजूदा हालात में टीम की सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं। हालांकि, आईसीसी की ओर से बांग्लादेश को बार-बार सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया गया था, लेकिन इसके बावजूद बोर्ड ने सकारात्मक रुख नहीं अपनाया।

स्कॉटलैंड की एंट्री लगभग तय
वहीं, क्रिकेट स्कॉटलैंड ने अभी तक औपचारिक पुष्टि मिलने की बात नहीं कही है, लेकिन माना जा रहा है कि यह अब सिर्फ समय की बात है। आईसीसी की ओर से जल्द ही स्कॉटलैंड को आधिकारिक सूचना दे दी जाएगी।

मैच शेड्यूल भी सामने आया
आईसीसी के इस फैसले के बाद स्कॉटलैंड अब ग्रुप लीग में चार मुकाबले खेलेगा। उसे 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलने हैं, जो कोलकाता में आयोजित होंगे। इसके बाद 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ उसका मुकाबला मुंबई में होगा।

इस फैसले के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश की गैरमौजूदगी और स्कॉटलैंड की एंट्री ने टूर्नामेंट की तस्वीर ही बदल दी है।

Please follow and like us:
RSS
Follow by Email
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
LinkedIn
Share
Instagram

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *